बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत गंगालूर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने डोडीतुमनार इलाके की पहाड़ी में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप को बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने पहाड़ी क्षेत्र में बंकर बनाकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान छिपा रखा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और बैटरी, विस्फोटक सामग्री सहित नक्सली उपयोग के कई सामान जब्त किए।
पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सीमा से लगे आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सिताराम राजू जिले में 5 लाख की इनामी महिला माओवादी पोडियम लक्ष्मी ने भी सरेंडर किया है, जो बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।









