बीजापुर। बीजापुर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गदामल्ली चौक नयापारा मिंगाचल के पास रायपुर पासिंग नंबर का एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर में अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि कुछ ही मिनटों में ट्रेलर आग की चपेट में आ गया। ट्रेलर हैदराबाद की ओर जा रहा था। हादसे के बाद काफी देर तक वाहन चालक का कोई सुराग नहीं मिल सका, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई होगी।
घटना की सूचना मिलते ही नैमेड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को तत्काल सूचित किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-63 पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस द्वारा घटनास्थल का मुआयना किया जा रहा है। चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच जारी है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।









