Thursday, August 20, 2026

बीजापुर में मुठभेड़ में मारे गए 3 नक्सली!:1 को जिंदा पकड़ा, नक्सली कैंप में मिला भारी मात्रा में विस्फोटक

बीजापुर जिले में जवानों ने नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त किया है। मौके से बंदूकें, गोली, IED, समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामान बरामद किए हैं। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में 3 माओवादियों को मार गिराया गया है। हालांकि, किसी के शव बरामद नहीं किए गए हैं। नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन को सफल बनाकर 3 दिन बाद जवान जिला मुख्यालय लौटे हैं। मामला जिले के मोदकपाल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोंगला-पुंगर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में करीब 25 से 30 हथियारबंद माओवादी कैंप लगाकर बैठे हैं मुखबिर की सूचना के बाद बीजापुर जिले से DRG, STF एवं CRPF 229 बटालियन की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था। 7 तारीख की सुबह जब जवान क्षेत्र में पहुंचे तो माओवादियों ने जवानों को देख फायर खोल दिया। जिसके बाद दोनों तरफ से जबरदस्त गोलीबारी होनी शुरू हुई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, करीब 1 घंटे तक मुठभेड़ चली। फिर कुछ देर बाद माओवादी घने जंगल का सहारा लेकर भाग गए। मुठभेड़ रुकने के बाद जवानों ने नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त कर दिया। नक्सली कैंप में अपना सामान छोड़कर भाग निकले। मुठभेड़ स्थल पर कई जगह खून के धब्बे भी मिले हैं। सर्चिंग करने पर झाड़ियों के पास एक नक्सली घायल अवस्था में पड़ा था। जिसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मुठभेड़ में 2 से 3 माओवादी मारे गए हैं और कइयों को गोली भी लगी है। हार्डकोर नक्सली नागेश और उसकी टीम के साथ जवानों की मुठभेड़ हुई।

बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कि, मौके से 1 नग SLR रायफल, 29 जिंदा राउंड, 1 नग इंसास रायफल, 4 जिंदा राउंड, 1 नग 303 रायफल, 6 जिंदा राउंड, विस्फोटक, माओवादी साहित्य, माओवादी सामग्री एवं दैनिक उपयोग का अन्य सामग्री बरामद किया गया है। सर्च के दौरान पंगुर के जंगल से 1 घायल पुरूष माओवादी को पकड़ा गया। जिसके कब्जे से 1 हेण्ड ग्रेनेड, 5 डेटोनटर, 12 बोर बंदूक एवं 10 राउंड बरामद किया गया।