रायपुर: मरवाही उप चुनाव में प्रत्याशी के ऐलान के कुछ घंटों पहले युद्धवीर सिंह जूदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय को एक चिट्ठी लिखकर पार्टी में सनसनी फैला दी है। चिट्ठी में पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह ने आग्रह किया है कि, विष्णुदेव साय उस कंवर जाति से आते हैं जो मरवाही में प्रभावशाली समाज है, वे इस समाज के देश के प्रमुख नेताओं में से एक हैं। आदिवासी भाइयों बहनों के बीच लोकप्रियता की उस उंचाई पर हैं जहां उनका कोई मुक़ाबला ही नहीं है। इसलिए विष्णुदेव साय को मरवाही से चुनाव लड़ना चाहिए।
युद्धवीर सिंह जूदेव ने लिखा है “आप प्रदेश अध्यक्ष हैं, आपने क्षेत्रवाद समाजवार और लोकप्रिय लोगों की शक्तिशाली टीम बनाई है, इसके लिए आप ‘बधाई’ के पात्र हैं। हम सबके दीपक के उजाले आप ही हैं। समय की मांग और कार्यकर्ताओं की इच्छा के साथ मेरा भी आग्रह है कि आप मरवाही से नामांकन भरें चुनाव लड़े। आप के लड़ने से हम आसानी से जीत हासिल कर लेंगे। आप नामांकन भरेंगे तो पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में जोश आएगा”। इस पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव हमारे राजनीति के आदर्श हैं, जशपुर राजपरिवार से हमारे अच्छे संबंध है। युद्धवीर सिंह जूदेव हमारे शुभचिंतक हैं इसलिए ऐसा कहा होगा। पार्टी ने प्रत्याशी का नाम तय कर लिया है, किसे लड़ना है ये पार्टी तय करती है।