रायपुर/दुर्ग। भारतमाला परियोजना से जुड़े मुआवजा घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को ED की टीम ने दुर्ग स्थित अमर इंफ्रा ग्रुप के ठिकानों पर छापा मारकर दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की।
सूत्रों के मुताबिक, महेश कॉलोनी स्थित दफ्तर और आवासीय परिसरों में सुबह से ही ED की टीमें जांच में जुटी हैं। बताया जा रहा है कि इस ग्रुप का संचालन भाजपा नेता चतुर्भुज राठी द्वारा किया जाता है। कंपनी सड़क, पुल और भवन निर्माण जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में सक्रिय रही है और हाल ही में कोल सेक्टर में भी विस्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, ED की कार्रवाई दुर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि अंबिकापुर और कोरबा में भी टीमों की मौजूदगी बताई जा रही है। जांच का दायरा भारतमाला परियोजना में मुआवजा वितरण और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़ा हुआ है।
फिलहाल ED की ओर से इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस छापेमारी से जुड़े मामलों में जांच तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।







