Tuesday, May 12, 2026

मंत्री के पुतले की शव यात्रा निकालने पर 17 कांग्रेस नेताओं पर FIR

दुर्ग/बेमेतरा। बेमेतरा जिले के ग्राम झिरिया में कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद राजनीति गरमा गई है। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के पुतले की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालने के मामले में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव समेत 17 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, मामला बेमेतरा जिले के चंदनु थाना क्षेत्र का है। मंत्री दयाल दास बघेल के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में कहा गया है कि मंत्री जीवित हैं, इसके बावजूद कांग्रेसियों ने उनकी शव यात्रा निकालकर हिंदू धर्म की भावनाओं को आहत किया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हिंदू धर्म में शव यात्रा निकालने का अधिकार केवल बेटे को होता है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने मंच से मंत्री की मौत की घोषणा कर दो मिनट का मौन भी रखा, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई।

इधर, अपने खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे जेल जाने से नहीं डरते और यदुवंशी होने के नाते गौवंश की रक्षा के लिए हमेशा लड़ते रहेंगे।

देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल वोट के लिए गौ माता का इस्तेमाल करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद गोवंश की सुरक्षा को भूल जाती है। उन्होंने कहा कि ग्राम झिरिया में लगातार गौवंशों की मौत हो रही थी और कांग्रेस लगातार प्रशासन के सामने यह मुद्दा उठा रही थी, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूर होकर बड़ा प्रदर्शन करना पड़ा।

इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने आ गई हैं।