
रायपुर, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कलेक्टर कांफ्रेंस के बाद राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने भी रायपुर और बिलासपुर संभाग के कलेक्टरों की बैठक बुलाई थी। मगर आज इस बैठक को निरस्त कर दिया गया। बैठक निरस्त करने का कोई कारण नहीं बताया गया है…लिखा है अपरिहार्य कारणों से बैठक निरस्त की जाती है।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार राजस्व विभाग ने राजस्व मामलों की समीक्षा के लिए एडिशनल कलेक्टरों की संभागीय बैठक बुलाई थी। रायपुर संभाग की 28 अक्टूबर को और बिलासपुर संभाग की 30 अक्टूबर को। मगर अगले दिन राजस्व सिकरेट्री रीता शांडिल्य ने अलग से आदेश निकालते हुए कलेक्टरों को भी बैठक में आना अनिवार्य कर दिया। हालांकि, मंत्री द्वारा बैठक बुलाए जाने पर कलेक्टर आवाक रह गए थे। क्योंकि, छोटे राज्यों में मंत्री कलेक्टर की बैठक नहीं बुलाते। और अगर बुलाना चाहते भी हैं तो मंत्री को मुख्यमंत्री की नोटिस में ये बात लानी होती है। कलेक्टर सीधे मुख्यमंत्री के अधीन होते हैं और उन्हीं को रिपोर्टिंग करते हैं। कलेक्टरों की बैठक मुख्यमंत्री ही बुलाते हैं मंत्री नहीं।












