Friday, April 10, 2026

मजिस्ट्रेट को जान से मारने की धमकी, 3 करोड़ की फिरौती मांगने से मचा हड़कंप

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा डाक के माध्यम से भेजे गए पत्र में 3 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डाक से भेजा गया धमकी भरा पत्र
जानकारी के अनुसार, गुंडरदेही न्यायालय में पदस्थ प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन को 27 मार्च की दोपहर करीब 3:25 बजे पोस्टमैन द्वारा एक बंद लिफाफा सौंपा गया। लिफाफा खोलने पर उसमें मजिस्ट्रेट और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी, साथ ही 3 करोड़ रुपए की मांग की गई।

नक्सली संगठन से जुड़ाव का दावा
पत्र भेजने वाले ने खुद को नक्सली संगठन से जुड़ा बताया है। पत्र में यह भी लिखा गया है कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई तो मजिस्ट्रेट और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

गलत आदेश और रिश्वत लेने के आरोप
धमकी भरे पत्र में मजिस्ट्रेट प्रशांत देवांगन पर रिश्वत लेकर गलत आदेश देने और गरीब लोगों को परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही उनके कार्यालय के कर्मचारियों पर भी पैसे लेकर फाइल दबाने और आम लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
मजिस्ट्रेट की शिकायत के बाद गुंडरदेही थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पत्र भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है।