Sunday, August 2, 2026

मां-बच्चों का फंदे से लटका मिला शव:मारकर साड़ी से लटकाया, लेकिन दोनों बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी की भी आशंका

छत्तीसगढ़ के धमतरी में बुधवार सुबह दो बच्चों के साथ उनकी मां का शव फंदे से लटकता मिला है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों बच्चों की हत्या के बाद मां ने फांसी लगाई है। वहीं तीनों की हत्या कर लटकाने का भी अंदेशा है। फिलहाल मामला स्पष्ट नहीं है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। वारदात कुरूद थाना क्षेत्र में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, कुरूद ब्लाक के धूमा गांव निवासी झरना साहू (26) और उसके दो बच्चों 6 साल के सागर और 4 साल के अक्षय का शव बुधवार सुबह साड़ी से बनाए गए फंदे में लटकता मिला है। एक साड़ी से सागर का और दूसरी साड़ी के अलग-अलग फंदे से झरना और अक्षय के शव लटक रहे थे। साड़ी को घर की छत पर लगी ग्रिल से बांधा गया था।