Tuesday, October 6, 2026

मानिकपुर जनसुनवाई के विरोध में ग्रामीणों ने केदारनाथ अग्रवाल से की मुलाकात

कोरबा। मानिकपुर खदान में आगामी 21 अगस्त 2026 को प्रस्तावित जनसुनवाई के विरोध को लेकर आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने मंगलवार को केदारनाथ अग्रवाल जी से मुलाकात की। करीब 100 ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया तथा आंदोलन को आगे भी जारी रखने के लिए समर्थन मांगा।

ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में पूर्व में किए गए आश्वासनों और लंबित मांगों का निराकरण अभी तक नहीं हुआ है। ऐसे में पहले ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए, इसके बाद ही जनसुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। ग्रामीणों ने इस मुद्दे पर कोयला मजदूर सभा के आंदोलन को अपना समर्थन देने का आश्वासन भी दिया और ज्ञापन सौंपा।

मुलाकात में भिलाई खुर्द-1, भिलाई खुर्द-2, भिलाई खुर्द-3, रापाखर्रा, दादर खुर्द, बरबसपुर, ढेलडीह, करानारा, कदमहा खार, विश्रामपुर, इमलीडुग्गू और कुंदरी बस्ती सहित आसपास के कई गांवों के लोग शामिल हुए।

इस दौरान भू-विस्थापित संघ के अध्यक्ष सुरेश पटेल, उपाध्यक्ष रम्मे लाल, सचिव जितेंद्र राव और कोषाध्यक्ष उदय पटेल सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि लंबित मांगों और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने 21 अगस्त को होने वाली जनसुनवाई का विरोध जारी रखने की बात भी कही।