कोरबा। कोरबा पुलिस ने मानिकपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या प्रकरण का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीमों द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
बोलेरो से कुचलकर की गई थी हत्या
मामले में प्रार्थी शुभम सिंह बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6-7 जून 2026 की दरमियानी रात उसके परिचित चन्द्रमणि रात्रे उर्फ दादू पर अज्ञात आरोपियों ने बोलेरो वाहन से जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल चन्द्रमणि की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 103(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
50 CCTV और 100 लोगों से पूछताछ के बाद मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने मामले की गहन जांच करते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की पहचान और कबूलनामा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान Rajendra Sahu उर्फ कुनाल साहू (22) निवासी कड़ारी, जिला सक्ती (वर्तमान निवास कुसमुंडा, कोरबा) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (CG-12 BD-5025) भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
बलगी डकैती कांड में भी संलिप्तता
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिन बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों और साक्ष्यों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि सुरक्षित और सजग समाज का निर्माण किया जा सके।











