Monday, March 2, 2026

मिडिल ईस्ट संकट पर हाई अलर्ट: PM मोदी ने बुलाई CCS की आपात बैठक

PM नरेंद्र मोदी ने बुलाई CCS की बैठकनई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तेजी से बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा के लिए कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अहम बैठक बुलाई है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री तमिलनाडु दौरे से लौटने के बाद बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

बैठक में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष और उसके भारत पर संभावित प्रभावों की समीक्षा की जाएगी। हालिया हमलों और पलटवार के बाद क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं।

इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद कई देशों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। कराची में हिंसक प्रदर्शन के दौरान फायरिंग में कई लोगों की मौत की सूचना है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मिडिल ईस्ट के कई देशों में बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। वहीं हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है और भारत से सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

CCS बैठक में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, संभावित निकासी योजना, तेल आपूर्ति, एयर रूट और समुद्री मार्गों की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।