लखनऊ: भाजपा नेता ने सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने दावा किया है कि पैसे हड़पने के लिए उनकी पत्नी ने उन्हें जान से मारने के लिए सुपारी दी है। इतना ही नहीं भाजपा नेता ने पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।

अनूपसिंह उत्तर प्रदेश के बलिया से भाजपा नेता है। वे भाजपा के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि पत्नी ने ही उन्हें जान से मारने के लिए गुंडों को सुपारी दी है।
पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर कथित गुंडों को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस ने इस मामले में विकास लोहार व छोटे सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ कर जांच की जा रही है। उन पर भाजपा नेता ठाकुर को जान से मारने की कोशिश करने का आरोप है। उनके खिलाफ अनूपसिंह ठाकुर को जान से मारने के लिए सुपारी लेने की शिकायत है।
फैमिली कोर्ट में चल रहा केस
अनूप व उनकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। ये पति पत्नी इसके लिए फैमिली कोर्ट में भी गए थे। मुकदमा चल रहा है। इसी बीच अनूप सिंह ने आरोप लगाया है कि पत्नी ने ही उन्हें जान से मारने के लिए सुपारी दी है।
सबूत के तौर पर दिया ऑडियो क्लिप
उनके मुताबिक, विकास लोहार व छोटे सिंह ने उन्हें जान से मारने की सुपारी ली है। इसके लिए पत्नी ने दोनों को बड़ी रकम देने का आरोप भी उन्होंने लगाया है। इसके सबूत के तौर पर उन्होंने पुलिस को एक ऑडियो क्लिप भी दी है। बकौल अनूप कुछ दिन पहले गुंडों ने उनके घर में घुसकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।