Friday, March 27, 2026

मोदी की फोटो लगाई तो मकान मालिक ने धमकाया:इंदौर में किराएदार से बोला- PM की तस्वीर हटाओ, वरना काट डालेंगे; युवक की मां को आया हार्ट अटैक

मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगाना एक किराएदार को भारी पड़ गया है। उसका मकान मालिक उस पर मोदी की तस्वीर हटाने के लिए दबाव बना रहा है। किराएदार के मुताबिक मकान मालिक ने उसे धमकी दी है कि या तो वो तस्वीर हटाए या मकान खाली करे, नहीं तो वह मार-काट करेगा। यह सुनकर उसकी मां को हार्ट अटैक आ गया। वह अस्पताल में भर्ती है।

यह चौंकाने वाला मामला इंदौर में पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में मंगलवार को सामने आया। यहां दोपहर को एक युवक अर्जी लेकर पहुंचा। उसने बताया कि वो पीर गली में किराए के मकान में रहता है और उसने अपने घर में पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगा रखी है

किराएदार का नाम मोहम्मद युसूफ खान है। उसने बताया कि वह कई सालों से पीरगली में शरीफ मंसूरी, याकूब मंसूरी और सुल्तान मंसूरी के मकान में किराए से रहता है। युसूफ ने कहा कि मोदी की फोटो लगाने पर मुझे तीनों भाइयों ने घर खाली करने की धमकी दी है। साथ ही कहा है कि अगर तस्वीर नहीं हटाई तो वे घर का सामान फेंक देंगे।

युसूफ ने कहा- मैं पीएम की विचारधारा से प्रभावित
युसूफ का कहना है कि मैं प्रधानमंत्री मोदी की विचारधारा से प्रभावित हूं। मैं उनके आर्टिकल भी पढ़ता रहता हूं। मैं संघ की गतिविधियों में भी शामिल होता हूं, यह बात मेरे मकान मालिक को पसंद नहीं है। युसूफ ने पुलिस पर भी परेशान करने का आरोप लगाया। फरियादी की शिकायत सुन जनसुनवाई में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं।

पुलिस बोली- जरूरी कार्रवाई करेंगे
एडिशनल डीसीपी मनीषा पाठक सोनी ने इस बारे में बताते हुए कहा, जनसुनवाई में एक युवक आया था, उसका कहना था कि उसने प्रधानमंत्री की फोटो अपने घर में लगा रखी है, जिसके कारण मकान मालिक उसे परेशान कर रहे हैं। ये उसकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार है, इसमें पुलिस आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

35 साल से इसी मकान में किराए से रह रहा है युसूफ
युसूफ ने बताया कि उसका परिवार 35 सालों से इंदौर के पीर गली के इसी मकान में रह रहा है। वो अपने माता-पिता, दो भाई और दो बच्चों के साथ रहता है। उसका परिवार रेडीमेड का काम करता है। मकान मालिक पिछले 15 दिन से इन्हें परेशान कर रहा है, जिसके बाद उसने थाने में आवेदन देने के बाद मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन दिया।