Friday, April 10, 2026

मोहरा एनीकट में डूबने से दो नाबालिग छात्रों की मौत, शोक में डूबा रामनगर क्षेत्र

सूरजपुर। जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दो नाबालिग छात्र डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष) पिता सेराज अंसारी और जयनगर कुंजनगर निवासी अयान सद्दाम (15 वर्ष) पिता मोहम्मद जावेद, रविवार दोपहर दोस्तों के साथ घूमने के लिए रामनगर मोहरा एनीकट गए थे। इस दौरान दोनों नहाने के लिए डेम में उतरे, लेकिन अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए।

घटना के बाद देर शाम तक दोनों की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा हो जाने के कारण सुरक्षा कारणों से रविवार रात को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया।

सोमवार सुबह एक बार फिर तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने दोनों नाबालिगों के शव बरामद कर लिए। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनीकट और जलाशयों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।