Monday, June 29, 2026

‘ये लोग हैं हमारे लिए बोझ’ पीएम शेख हसीना ने किया ये खुलासा, कहा- पीएम मोदी से समाधान की उम्मीद

नई दिल्ली। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत दौरे पर आने से पहले ANI से एक इंटरव्यू के दौरान रोहिंग्या प्रवासियों को बांग्लादेश के लिए एक बड़ा बोझ बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें ये उम्मीद है कि पीएम नरेंद्र मोदी इस मामले में खास भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही कहा कि देश यह सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बात भी कर रहा है, ताकि वे अपनी मातृभूमि में लौट जाएं।

आपको बता दें कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हसीना शेख 5 सितंबर को भारत दौरे पर आने वाली हैं। इससे पहले उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि रोहिंग्या मुसलमान बांग्लदेश के लिए बोझ बन गए हैं। हसीना भारत दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। अपने भारत दौरे से पहले उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को एक इंटरव्यू के माध्यम से साझा किया है।

प्रधानमंत्री शेख हसीना ने रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर कहा कि ‘हमारे लिए यह एक बड़ा बोझ है। हम अंतरराष्ट्रीय समुदायों और अपने पड़ोसी देशों के साथ परामर्श कर रहे हैं। जिससे रोहिंग्या घर वापस जा सकें। हम रोहिंग्याओं को आश्रय दे रहे हैं, सभी चीज उपलब्ध करा रहे हैं। हसीना ने कहा कि हमनें कोविड के दौरान उन्हें वैक्सीन भी उपलब्ध कराई। लेकिन सवाल यह है कि वे यहां कब तक रहेंगे। कुछ लोग ड्रग्स की तस्करी, महिला तस्करी में लिप्त हैं। वे जितनी जल्दी अपने घर वापस जाएं वो हमारे देश के लिए और म्यामांर के लिए अच्छा है।

प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि ‘हम नीचे की ओर स्थित हैं, पानी भारत से आ रहा है। इसलिए भारत को और उदारता दिखानी चाहिए। इससे दोनों देश लाभान्वित होंगे। कभी-कभी हमारे लोगों को बहुत नुकसान होता है, खासकर तीस्ता नदी के चलते। उन्होंने कहा कि ‘मुझे लगता है कि इस मामले को हल किया जाना चाहिए।

भारत के पीएम नरेंद्र मोदी इस समस्या को हल करने के लिए बहुत उत्सुक हैं, लेकिन आपके देश में समस्या है। हम केवल गंगा का जल साझा करते हैं लेकिन 54 अन्य नदियां भी हैं। यह लंबे समय से चली आ रही समस्या है। इसका समाधान किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री हसीना सोमवार से अपनी चार दिवसीय भारत यात्रा की शुरुआत करने वाली हैं।