बिलासपुर, 23 जून। रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप और साध्वी पद्मिनीपुरी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। साध्वी ने एसएसपी को शिकायत सौंपकर अध्यक्ष पर दुर्व्यवहार, मानहानि और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
साध्वी का आरोप है कि अध्यक्ष ने उन्हें बदनाम करते हुए भक्तों को भड़काया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से संरक्षण की मांग की है।
वहीं अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने आरोपों को निराधार बताते हुए साध्वी पर ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।









