Friday, April 3, 2026

राज्यपाल अनुसुईया उइके ने पीएम मोदी से की मुलाकात, नक्सलवाद, पांचवीं अनुसूची पर की बात, नगरीय क्षेत्र में पेसा कानून लागू करने की मांग

रायपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बुधवार को नई दिल्ली में राज्यपाल अनुसुईया उइके ने मुलाकात की. राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को ‘कोरोना काल में राज्यपाल की रचनात्मक भूमिका’ पुस्तिका भेंट की. प्रधानमंत्री ने राज्यपाल से छत्तीसगढ़ में वर्षा और कृषि की स्थिति की जानकारी ली. राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद, पांचवी अनुसूची, परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण इत्यादि विषयों पर चर्चा की.

उइके ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में नक्सलवाद की समस्या गंभीर है. इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है. उन्होंने पांचवी अनुसूची के अंतर्गत आने वाले नगरीय क्षेत्रों में मेसा कानून लागू करने का अनुरोध किया. साथ ही कहा कि मेसा कानून लागू होने से जनजातियों को उनके संवैधानिक अधिकार प्राप्त होंगे. राज्यपाल ने जनजातियों को भूमि विक्रय में होने वाली समस्याओं से अवगत कराया और समस्या के समाधान करने की आवश्यकता जताई. इसके अलावा प्रधानमंत्री वनवासी किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री निःशुल्क नमक वितरण योजना, केन्द्रीय योजनाओं का लाभ, स्थानीय वनवासी युवाओं की शासकीय सेवाओं के वर्ग 3 एवं 4 में भर्ती के लिए जिला संवर्ग के पद, वनवासियों की कृषि भूमि का प्रबंधन, ट्राईफेड का सशक्तीकरण, लघु वनोपजों की खरीदी, व्यक्तिमूलक योजनाओं को बढ़ावा देना, वन संरक्षण अधिनियम की समीक्षा, वनवासी युवाओं को आगे लाने के लिए निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था सहित विभिन्न बिन्दुओं पर भी चर्चा की.