रायगढ़। छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर की जा रही अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी फसल को नष्ट कर दिया और मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। दूरस्थ और दुर्गम इलाके में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही थी, ताकि पुलिस और प्रशासन की नजर से बचा जा सके।
प्रारंभिक जांच में इस मामले में झारखंड कनेक्शन भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर जमीन लेकर झारखंड के एक व्यक्ति के जरिए इस अवैध खेती को संचालित किया जा रहा था। तस्करों ने जानबूझकर अंदरूनी और कम आबादी वाले क्षेत्र का चयन किया था।
गौरतलब है कि राज्य में पिछले कुछ दिनों के भीतर दुर्ग और बलरामपुर के बाद यह तीसरा बड़ा मामला सामने आया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








