रायगढ़। जिले के पुसौर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम जामपाली में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत में एक साथ 5 अजगर दिखाई दिए। ग्राम जामपाली निवासी चित्रसेन चौहान के खेत में पहले भी सांप निकलते रहते थे, लेकिन 21 जनवरी को एक साथ इतने बड़े अजगर दिखने से किसान और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
जानकारी मिलते ही किसान ने स्नैक रेस्क्यू टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम के लिए अजगरों को पकड़ना किसी चुनौती से कम नहीं था। सभी अजगर 8 से 9 फीट लंबे और 13 से 15 किलो वजनी थे। रेस्क्यू के दौरान अजगर बेहद फुर्तीले नजर आए और बार-बार मेड़ में बने बिलों में घुस जाते या फुफकारने लगते थे।
रेस्क्यू के दौरान एक बार तो बिल में घुस रहे अजगर को बाहर निकालते समय स्नैक कैचर भी फिसलकर गिर पड़े, लेकिन टीम ने हिम्मत नहीं हारी। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी 5 अजगरों को सुरक्षित रूप से बोरियों में पकड़ लिया गया।
पकड़ने के बाद रेस्क्यू टीम ने अजगरों को पानी पिलाया और फिर उन्हें सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया। रेस्क्यू के बाद टीम ने सभी 5 अजगरों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।







