Wednesday, April 15, 2026

रिश्तों का कत्ल: सगे भांजे ने ही रची मामा के बेटे के अपहरण की साजिश, ‘हनीट्रैप’ के जरिए मांगा 1 करोड़ का दांव

दुर्ग जिले के अमलेश्वर क्षेत्र में 16 साल के नाबालिग के अपहरण मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस पूरे किडनैपिंग कांड का मास्टरमाइंड पीड़ित का सगा भांजा ही निकला। आरोपियों ने हनीट्रैप का सहारा लेकर वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, एक युवती ने इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से संपर्क किया और उसे प्यार के जाल में फंसाकर मिलने बुलाया। जैसे ही लड़का मिलने पहुंचा, उसे कार में बैठाकर किडनैप कर लिया गया।

अपहरण के बाद आरोपियों ने पिता को कॉल कर 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी और वीडियो भेजकर धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रेस कर धमतरी जिले से आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है और युवती समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।