रील बनाने को लेकर पति से विवाद, गृहिणी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के बाद पत्नी ने आत्महत्या कर ली। यह घटना छावनी थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान अंजली साव (35) के रूप में हुई है, जो भिलाई क्षेत्र की रहने वाली थी।

जानकारी के अनुसार अंजली साव अपने पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ रहती थी। वह गृहिणी थी और इंस्टाग्राम पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थी। हालांकि, उसका रील बनाना पति को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि 30 जनवरी को भी इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। उसी दिन शाम को जब दोनों बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, तब अंजली ने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चों के घर लौटने पर वह फंदे से लटकी मिली। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस तथा पति को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंजली का अंतिम संस्कार रविवार को किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार अंजली मोहल्ले में रील और डांस वीडियो को लेकर काफी चर्चित थी। उसने 26 जनवरी को इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी पोस्ट अपलोड की थी। बताया जा रहा है कि दिसंबर माह में भी उसने आत्महत्या की कोशिश की थी, जब उसने धतूरा खा लिया था। उस समय उसकी हालत गंभीर हो गई थी और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी जान बच गई थी।

गौरतलब है कि दुर्ग जिले में बीते पांच दिनों में आत्महत्या की यह तीसरी घटना है। इससे पहले एक ग्राफिक्स डिजाइनर युवक ने प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद के चलते फांसी लगाकर जान दे दी थी। वहीं, एक अन्य मामले में दो भाइयों के साथ रह रही एक युवती ने अज्ञात कारणों से आत्महत्या कर ली थी।