मुंबई। देश की प्रतिष्ठित टेक्सटाइल कंपनी रेमंड ग्रुप के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके बेटे गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनके निधन की जानकारी साझा की। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा।
गौतम सिंघानिया ने अपने संदेश में लिखा कि उनके पिता एक दूरदर्शी उद्योगपति और समाजसेवी थे, जिनकी सोच और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनके पिता की विरासत हमेशा जीवित रहेगी।
विजयपत सिंघानिया देश के प्रमुख उद्योगपतियों में शुमार थे और उन्होंने रेमंड ग्रुप को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने वर्ष 1980 में कंपनी की कमान संभाली और इसे एक आधुनिक औद्योगिक समूह के रूप में स्थापित किया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने टेक्सटाइल के साथ-साथ इंजीनियरिंग और एविएशन जैसे क्षेत्रों में भी विस्तार किया।
रेमंड ग्रुप की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी, जबकि इसका पहला रिटेल शोरूम 1958 में मुंबई में खोला गया था। विजयपत सिंघानिया के कार्यकाल में 1986 में प्रीमियम ब्रांड ‘पार्क एवेन्यू’ लॉन्च किया गया, जिसने पुरुषों के फैशन क्षेत्र में नई पहचान बनाई। इसके अलावा, 1990 में ओमान में कंपनी का पहला अंतरराष्ट्रीय शोरूम खोला गया और 1996 में एयर चार्टर सेवा की शुरुआत की गई।
विजयपत सिंघानिया एविएशन और फिल्म इंडस्ट्री में भी खासे प्रभावशाली माने जाते थे। हालांकि, वर्ष 2017 के बाद वे अपने बेटे गौतम सिंघानिया के साथ पारिवारिक और संपत्ति विवाद को लेकर भी चर्चा में रहे।
उनके निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर है। देश ने एक दूरदर्शी उद्योगपति और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को खो दिया है।









