रायपुर। अंबिकापुर कलेक्टर कुंदन कुमार एक बार फिर विवादों के घेरे में है. इस बार अम्बिकापुर के सहायक सूचना अधिकारी सुखसागर वारे और जिला जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ सहायक संचालक दर्शन सिंह सिदार ने कलेक्टर कुंदन कुमार के अभद्र भाषा का प्रयोग करने व धमकी देने की शिकायत करते हुए छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ अध्यक्ष से मदद की गुहार लगाई है.
अधिकारियों ने अध्यक्ष को लिखे पत्र में बताया कि 3 अगस्त को शाम 7 बजे सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार के द्वारा जिला जनसंपर्क कार्यालय अम्बिकापुर में पदस्थ सहायक संचालक एवं सहायक सूचना अधिकारी को अपने कार्यालयीन कक्ष में बुलाकर कार्यक्रम कव्हरेज एवं समाचार को लेकर अभद्र भाषा प्रयोग करते हुए गाली-गलौच किया गया. इसके साथ ही धमकी दी गई कि तुम लोग कलेक्टर का पावर नहीं जानते अगर मेरे को गुस्सा आ गया तो तुम दोनो कहीं दिखाई नहीं दोगे. तुम लोग केवल सीएम का ही कार्य करते हो मेरे खिलाफ साजिश रचते हो कहते हुए बहुत ही अमर्यादित ढंग से पेश होकर बदतमीजी की.









