
राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार प्रसार जोरों पर हैं। इस बीच पुलिस और निर्वाचन आयोग की टीम ने इस क्षेत्र में साड़ियों से भरी पिकअप गाड़ी को पकड़ा है। इस मामले में बीजेपी का आरोप है कि ये साड़ियां कांग्रेस की तरफ से बांटने के लिए मंगाई गई थीं। हालांकि कांग्रेस के तरफ से इस मामले में अभी कोई बयान सामने नहीं आया है। पुलिस और निर्वाचन आयोग की टीम ने पिकअप और साड़ियों को जब्त कर लिया है। जिस जगह ये कार्रवाई की गई, वहां देर रात तक गहमागहमी का माहौल देखने को भी मिला।
बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने रेंगाकठेरा गांव में देर रात करीब 11 बजे साड़ियों से भरी पिकअप गाड़ी देखी थी। जिसके बाद इन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने पिकअप गाड़ी की जांच की थी। जांच करने में पुलिस को गाड़ी के अंदर बड़ी संख्या में साड़ियां मिली।










