
बिलासपुर में शराब दुकान में घुसकर सुपरवाइजर से मारपीट करने और फरसा लहराने का VIDEO सामने आया है। बताया जा रहा है कि दुकान में चिल्लर पैसे को लेकर हुए विवाद के दौरान 6-7 युवकों ने जमकर बवाल मचाया और दुकान में घुसकर फरसा लहराते हुए सुपरवाजर पर डंडे और हाथ-मुक्के से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने वाले कर्मचारियों की भी पिटाई कर दी। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार रतनपुर क्षेत्र के लखराम निवासी दुर्गा प्रसाद केंवट कोनी थाना क्षेत्र के पौंसरा स्थित शासकीय शराब दुकान में सुपरवाइजर है। रविवार दोपहर वह शराब दुकान के कैश काउंटर पर बैठा था। उसी समय कुछ युवक शराब लेने पहुंचे। इस दौरान सुपरवाइजर ने उन्हें खुले पैसे देने के लिए बोला। इस पर एक युवक ने विवाद शुरू कर दिया। हालांकि उसके बाद युवक शराब लेकर दुकान से निकल गए।
रात को फिर साथियों के साथ पहुंचे युवक
इसके बाद रात करीब आठ बजे वह युवक अपने साथियों के साथ दुकान पहुंचा। उसने दोपहर हुए विवाद को लेकर शराब दुकान के सुपरवाइजर से विवाद करते हुए गाली देना शुरू कर दिया। सुपरवाइजर ने मना किया, तो 6-7 लोग दुकान के अंदर घुस गए और हंगामा मचाते हुए उसकी जमकर पिटाई कर दी।
बीच-बचाव करने पर कर्मचारियों के साथ भी की मारपीट
हंगामा व मारपीट होते देखकर शराब दुकान के कर्मचारी यशवंत कुंभकार, सेल्समैन सुमित कैवर्त बीच-बचाव करने लगे। तब युवकों ने उन्हें भी पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान वहां सेल्समैन अनिल यादव, भोजेश्वर कुंभकार और गार्ड योगेश पटेल भी मौजूद थे। उन्होंने युवकों को शांत कराया।











