Wednesday, March 4, 2026

शिक्षक के घर से मिली तेंदुए की खाल, ग्राहक की ताक में था कि पहुंच गई वन विभाग की टीम

बस्तर में एक तस्कर को पकड़ा गया है। हैरानी की बात ये है कि गिरफ्तार हुआ शख्स एक शिक्षक है। दरअसल वन विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दंतेवाड़ा जिले के पातररास इलाके में आरोपी संतोष जायसवाल के घर में तेंदुए की खाल रखी है, घर की तलाशी ली गई तो मौके से तेंदुए की खाल मिली। आरोपी शिक्षक इस खाल को बाजार में बेचने की तैयारी में था।


दंतेवाड़ा DFO संदीप बलगा ने बताया है कि आरोपी शिक्षक है और उसके घर पर लंबे समय से खाल होने की जानकारी मिल रही थी। इसके बाद हमने मौके पर जाकर दबिश दी तो तेंदुए की खाल को बरामद किया गया है। फिलहाल मामले के आरोपी शिक्षक से पूछताछ की जा रही है। टीम को शक है कि इससे पहले भी शिक्षक इस तरह की हरकत को अंजाम दे चुका है।


इससे पहले करीब एक महीने पहले जगदलपुर इलाके से भी बाघ की खाल के साथ 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान भी बस्तर जिले के सरकारी स्कूल में तैनात रामेश्वर सोनवानी को गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में अन्य आरोपियों में पुलिसकर्मी और स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल रहे थे। कुछ दिन पहले भी दंतेवाड़ा के ही 2 ग्रामीणों को भी गिरफ्तार किया गया था, जो बाघ को मारने और अन्य आरोपियों को खाल देने में शामिल रहे थे।