Saturday, May 2, 2026

सनसनीखेज वारदात: जादू-टोना के शक में ग्रामीण की बेरहमी से हत्या

बस्तर। जिले के दरभा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जादू-टोना के शक में दो सगे भाइयों ने मिलकर एक ग्रामीण की निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना पखनार गांव की है। मृतक की पहचान मंगलू मंडावी के रूप में हुई है। आरोपी उसी गांव के रहने वाले आयतु मड़कामी और सुखराम मड़कामी हैं, जो आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों को शक था कि मंगलू मंडावी जादू-टोना करता है। इसी शक के चलते गुरुवार (30 अप्रैल) दोपहर को जब मंगलू अपने घर के पास आम के पेड़ के नीचे बैठा था, तभी दोनों आरोपी शराब के नशे में वहां पहुंचे और विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई आयतु ने चाकू से मंगलू के सीने पर हमला कर दिया। इसके बाद बड़े भाई सुखराम ने भी क्रूरता की हद पार करते हुए मंगलू का गला रेत दिया। गंभीर हमले के कारण मंगलू मंडावी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।