Sunday, August 30, 2026

ससुराल आई पत्नी तो काट दी हथेली:बेटे की शादी के लिए रुपए मांगने गई थी, सब्बल से किया वार; सौतन ने बचाई जान

कोरबा में शुक्रवार को एक अधेड़ ने सब्बल से अपनी पत्नी की हथेली काट दी। महिला के दोनों हाथों की हथेली 90 फीसदी से ज्यादा कट गई है। वह बेटे की शादी के लिए रुपए मांगने ससुराल पहुंची थी। इस दौरान पति ने हमला कर दिया। महिला की सौतन ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई और अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मामला कोरबा चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी दर्री निवासी शकुंतला (46) की शादी साल 2008 में पनगवा निवासी धरमपाल से हुई थी। दोनों से एक बेटा और एक बेटी है। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन फिर पारिवारिक विवाद के चलते धरमपाल ने तीन साल बाद ही शकुंतला को घर से निकाल दिया। इस पर वह बच्चों को लेकर अपने मायके आ गई और वहीं रहने लगी। इस बीच बच्चों का उनके पिता के घर आना-जाना लगा रहता था।