Saturday, May 23, 2026

सामूहिक आत्महत्या मामला: सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का जिक्र, बच्चों की भी ले ली जान

दुर्ग। आर्य नगर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। गोविंद साहू और उनकी पत्नी ने फांसी लगाने से पहले अपने दोनों बच्चों की भी हत्या कर दी। मामले में मिले सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी को इस आत्मघाती कदम की बड़ी वजह बताया गया है।

सुसाइड नोट में गोविंद साहू ने लिखा है कि परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। उन्होंने यह भी लिखा कि “बच्चों को हम इस दुनिया में लाए हैं, इसलिए हम ही उन्हें अपने साथ ले जा रहे हैं। इसके लिए परिवार का कोई सदस्य जिम्मेदार नहीं है।”

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी ने फांसी लगाने से पहले बच्चों के मुंह में कपड़ा ठूंसकर गला दबाया था। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के मुताबिक परिवार कुछ दिन पहले तिरुपति बालाजी दर्शन के लिए गया था और घटना से एक दिन पहले ही पुरी से भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर लौटा था। रात में परिवार ने साथ खाना खाया और बच्चों को आइसक्रीम व मिठाई खिलाई थी।

सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा गया, जहां दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे, जबकि गोविंद और उनकी पत्नी पंखे से लटके मिले। यह दृश्य देखकर गोविंद की मां बेहोश हो गईं।