Tuesday, March 3, 2026

सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में किस्टाराम एरिया कमेटी के तीन नक्सली ढेर

सुकमा। जिले में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई जारी है। थाना गोलापल्ली क्षेत्र के घने जंगल और पहाड़ी इलाके में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच सुबह से ही भीषण मुठभेड़ चल रही है। सुकमा पुलिस ने एनकाउंटर की पुष्टि की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी (DRG) की टीम ने गोलापल्ली थाना क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाल लिया, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग होती रही।

घने जंगल और पहाड़ी इलाके में ऑपरेशन को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई में जुटे हुए हैं।

तीन नक्सली मारे गए, शिनाख्त हुई
मुठभेड़ के दौरान तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि सुकमा पुलिस ने की है। मारे गए नक्सली किस्टाराम एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। पुलिस के अनुसार मारे गए नक्सलियों की पहचान इस प्रकार है—

  1. माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत – एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी

  2. सोढ़ी बंडी – एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी

  3. नुप्पो बजनी – एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी (महिला नक्सली)

फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा कारणों से विस्तृत जानकारी बाद में साझा किए जाने की बात कही गई है। पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नक्सल विरोधी अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।