रायपुर। राजधानी के खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम खसेरा में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और इसे सड़क हादसा बताने की कोशिश की। हालांकि वारदात के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 27 वर्षीय किशोर सारथी के रूप में हुई है। उसकी पत्नी रोशनी का पिछले एक साल से गांव के ही लिलेश उर्फ मुरू के साथ प्रेम संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे, इसलिए उन्होंने किशोर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
हादसे का रूप देने की कोशिश
आरोपियों ने किराए की थार गाड़ी लेकर हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई। 27 फरवरी की रात रोशनी ने पति को बहन को लेने के बहाने ग्राम बिठिया भेज दिया। रास्ते में सागौन वाटिका के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने बाइक सवार किशोर को तेज रफ्तार थार से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
संदिग्ध हालत में मिला शव
28 फरवरी की सुबह किशोर का शव संदिग्ध हालत में सड़क किनारे मिला। सूचना मिलने पर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव के पास घसीटने के निशान और अन्य परिस्थितियों ने हत्या की आशंका को मजबूत किया, जिसके बाद जांच तेज की गई।
पूछताछ में खुला राज
जांच के दौरान शक की सुई पत्नी रोशनी पर गई। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने प्रेमी लिलेश और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।
4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने पत्नी रोशनी, उसके प्रेमी लिलेश उर्फ मुरू और उसके दो साथियों अजय राज कुलदीप व देवेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि हत्या को हादसा साबित करने की पूरी तैयारी थी, लेकिन तकनीकी जांच और पूछताछ से साजिश का पर्दाफाश हो गया।








