हरदीबाजार : SECL दीपका परियोजना भूमि सर्वे आज, प्रशासन ने की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

कोरबा/हरदीबाजार। SECL की दीपका परियोजना से प्रभावित ग्राम हरदीबाजार की जमीनों और परिसंपत्तियों के सर्वे का कार्य बुधवार 15 अक्टूबर को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की निगरानी में होगा। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सर्वे के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर मनोज बंजारे को सम्पूर्ण प्रभारी बनाया गया है। कलेक्टर के आदेश पर कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें सीमा पात्रे (एसडीएम पाली), रोहित सिंह (डिप्टी कलेक्टर), अमित केरकेट्टा (तहसीलदार दीपका), अभिजीत राजभानू (तहसीलदार बरपाली), प्रियंका चन्द्रा (तहसीलदार कटघोरा), विष्णु प्रसाद पैकरा (तहसीलदार हरदीबाजार), सुश्री राशिका अग्रवाल (नायब तहसीलदार पाली) और संदीप गुप्ता (नायब तहसीलदार हरदीबाजार) शामिल हैं।

जिला पुलिस बल और सशस्त्र जवानों की तैनाती

सर्वे कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस बल को व्यापक स्तर पर लगाया गया है। दर्री के नगर पुलिस अधीक्षक विमल कुमार पाठक को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। साथ ही हरदीबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाण्डेय, दीपका थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेमचंद साहू और कुसमुण्डा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश गुप्ता को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त बल तैनात रहेगा, इसके अलावा बटालियन से सशस्त्र बल के जवान भी हरदीबाजार में मौजूद रहेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का बल भी मौके पर लगाया जाएगा।