सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में एक ही रात हाथियों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। खेतों में फसल की रखवाली करने और घरों से बाहर निकलने वाले ग्रामीणों में हाथियों के हमले का डर बना हुआ है।
प्रतापपुर के सकलपुर में हाथी ने ली ग्रामीण की जान
हाथी के हमले की पहली घटना प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम सकलपुर में सामने आई। यहां कबरा कान वाले हाथी ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
सोनपुर के पण्डोपारा में धान की रखवाली कर रहे ग्रामीण की मौत
दूसरी घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सलका बीट अंतर्गत ग्राम सोनपुर के पण्डोपारा की है। जानकारी के मुताबिक, यहां रहने वाला 40 वर्षीय मट्टूलाल पिता लालसाय रात में अपने घर के पास धान की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान अचानक एक हाथी वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में मट्टूलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
दो मौतों से गांवों में दहशत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
एक ही रात में हाथियों के हमले से दो ग्रामीणों की मौत की खबर से इलाके में शोक और भय का माहौल है। मृतक मट्टूलाल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में खेतों और घरों के आसपास हाथियों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हाथियों के बढ़ते हमलों ने एक बार फिर वन विभाग की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।








