​​​​​​​धमतरी और कोरिया में आज रात से, कोरबा में 12 और रायगढ़ में 14 अप्रैल से सब कुछ बंद; इन जिलों में ही 6,215 एक्टिव केस और 677 मौतें

knn24news/ छत्तीसगढ़ में बढ़ते कोरोना संक्रमण के दायरे ने अब अन्य जिलों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। इसके बाद धमतरी, कोरिया, कोरबा और रायगढ़ में भी लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है। इन चार जिलों में ही एक्टिव केस की संख्या 6,215 है। जबकि 677 मरीजों की मौत हो चुकी हैं। प्रदेश में 76,868 एक्टिव मरीज हैं। धमतरी और कोरिया में रविवार (11 अप्रैल), कोरबा में 12 और रायगढ़ में 14 अप्रैल से लॉकडाउन लगाया जाएगा।

धमतरी : जिले में 15 दिन का लॉकडाउन किया गया है। अभी तक सबसे ज्यादा दिनों के लिए यहीं है। लॉकडाउन 11 अप्रैल की रात 12 बजे से शुरू होकर 26 अप्रैल की रात 12 बजे तक चलेगा।

  • पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर 24 घंटे खुलेंगे। LPG एजेंसियां टेलीफोनिक और ऑनलाइन बुकिंग पर ही सिलेंडर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक डिलीवरी कर सकेंगे।
  • दूध, सब्जी दुकान, न्यूज पेपर हॉकर सुबह 8 बजे से 10 बजे तक ही काम कर सकेंगे। अनाज, सब्जी, फल मंडिया सुबह 6 से 10 बजे तक खुली रहेंगी।
  • पेट शॉप, एक्वेरियम को पशुओं के चारे के लिए सुबह 8 बजे से 10 बजे दुकान खोलने की अनुमति होगी।
  • बैंकिंग सेवाएं सुबह 11 से 2 बजे तक चालू रहेंगी। इस अवधि में सिर्फ आवश्यक सेवाएं ही प्रदान की जाएगी। बैंक मैनेजर संबंधित शाखा के बाहर अपना मोबाइल नंबर लगाएंगे।
  • धार्मिक स्थल खुले रहेंगे, लेकिन आम लोगों का प्रवेश वर्जित होगा।

कोरिया : इस जिले में 7 दिन का लॉकडाउन 11 अप्रैल की शाम 6 बजे से शुरू होगा। जो कि 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा।

  • मेडिकल स्टोर खुलेंगे। दवाइयों की होम डिलीवरी को प्राथमिकता दी जाएगी।
  • पेट्रोल पंप खुलेंगे, लेकिन शासकीय वाहनों, शासकीय कार्य में लगे वाहनों, एलपीजी, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से संचालित ऑटो व टैक्सियों, मीडियाकर्मियों, प्रेस वाहनों, हॉकर को ही फ्यूल देंगे।
  • दूध, सब्जी दुकान, न्यूज पेपर हॉकर सुबह 6 बजे से 8 बजे और शाम को 5 से 6 बजे तक ही काम कर सकेंगे। इस दौरान दुकानें नहीं खुलेंगी। दुकानों के सामने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ दूध का वितरण किया जाएगा।
  • पेट शॉप, एक्वेरियम को पशुओं के चारे के लिए सुबह 6 बजे से 8 बजे तक और शाम 5 बजे से 6 बजे तक दुकान खोलने की अनुमति होगी।
  • LPG एजेसिंयां टेलीफोनिक और ऑनलाइन बुकिंग पर ही सिलेंडर घर पहुंचाएंगी।

कोरबा : यहां पर 10 दिन का लॉकडाउन रहेगा। 12 अप्रैल की दोपहर 3 बजे से 22 अप्रैल की रात 12 बजे तक जिले को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।

  • दूध, सब्जी दुकान, न्यूज पेपर हॉकर सुबह 6 बजे से 8 बजे और शाम को 5 से 6.30 बजे तक ही काम कर सकेंगे। इस दौरान दुकानें नहीं खुलेंगी। दुकानों के सामने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ दूध का वितरण किया जाएगा।
  • पेट शॉप, एक्वेरियम को पशुओं के चारे के लिए सुबह 6 बजे से 8 बजे तक और शाम 5 बजे से 6.30 बजे तक दुकान खोलने की अनुमति होगी।

रायगढ़ : जिले को 14 अप्रैल की सुबह 6 बजे से 22 अप्रैल की रात 12 बजे तक कंटेनमेंट जोन घोषित किया है।

  • सिर्फ मेडिकल स्टोर खुलेंगे। दवाइयों की होम डिलीवरी को प्राथमिकता दी जाएगी।
  • पेट्रोल पंप खुलेंगे, लेकिन शासकीय वाहनों, शासकीय कार्य में लगे वाहनों, एलपीजी, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से संचालित ऑटो व टैक्सियों, मीडियाकर्मियों, प्रेस वाहनों, हॉकर को ही फ्यूल देंगे।
  • दूध, सब्जी दुकान, न्यूज पेपर हॉकर सुबह 6 बजे से 8 बजे और शाम को 5 से 6.30 बजे तक ही काम कर सकेंगे। इस दौरान दुकानें नहीं खुलेंगी। दुकानों के सामने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ दूध का वितरण किया जाएगा।
  • पेट शॉप, एक्वेरियम को पशुओं के चारे के लिए सुबह 6 बजे से 8 बजे तक और शाम 5 बजे से 6.30 बजे तक दुकान खोलने की अनुमति होगी।
  • LPG एजेसिंयां टेलीफोनिक और ऑनलाइन बुकिंग पर ही सिलेंडर घर पहुंचाएंगी।
  • शादी समारोह में पूर्व अनुमति के 50 लोग हो सकेंगे शामिल।

रायगढ़ में 12 घंटे के बंद को एक दिन बाद ही लॉकडाउन में बदला गया
रायगढ़ कलेक्टर ने एक बार फिर अपने आदेश में संशोधन कर दिया है। एक दिन पहले ही जिले की सभी दुकानों व प्रतिष्ठानों को खोलने का समय सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया था। वहीं रेस्टोरेंट-होटल-ढाबा सुबह 8 से रात्रि 10 बजे तक संचालित हो सकेंगे। अब एक दिन बाद ही शनिवार को इसमें बदलाव करते हुए 14 अप्रैल से लॉकडाउन की घोषणा कर दी है।