रायपुर। प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज भी कई स्थानों पर आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
रायगढ़ में रातभर बारिश, बलरामपुर में ओले
रायगढ़ जिले में देर रात गरज-चमक के साथ बारिश हुई, वहीं बलरामपुर-रामानुजगंज में तेज अंधड़ के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। इसके अलावा गरियाबंद और धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद क्षेत्रों में भी ओले गिरे, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अगले 48 घंटे में खास बदलाव नहीं
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है।
प्रदेश का तापमान
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।
तीन मौसम सिस्टम हैं सक्रिय
मौसम में इस बदलाव के पीछे तीन प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं—
- मध्य प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती घेरा, जो नमी को आकर्षित कर रहा है।
- मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र तक फैली द्रोणिका रेखा, जो वातावरण में अस्थिरता बढ़ा रही है।
- आंध्र प्रदेश के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवात, जो बंगाल की खाड़ी से नमी खींचकर प्रदेश में ला रहा है।









