
अग्निपथ स्कीम पर फेक न्यूज फैलाने की वजह से केंद्र सरकार ने 35 वॉट्सऐप ग्रुप पर बैन लगा दिया है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि अग्निपथ स्कीम को लेकर ग्रुप में भ्रामक मैसेज फैलाए जा रहे थे। इधर, दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हमारे देश का दुर्भाग्य है कि बहुत सी अच्छी चीजें, अच्छे उद्देश्य से की गई चीजें, राजनीति के रंग में फंस जाती हैं।
बिहार और तेलंगाना में कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई
बिहार और तेलंगाना में हिंसा के पीछे कोचिंग संस्थानों की भूमिका सामने आई है। बिहार में 3 कोचिंग संस्थानों और तेलंगाना में एक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। तेलंगाना में एक कोचिंग संचालक को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस ने बताया कि संचालक ही हिंसा के पीछे का मास्टरमाइंड था।
पटना के करीब तारेगना स्टेशन पर हुए उपद्रव के बाद मसौढ़ी के अंचलाधिकारी के बयान पर मसौढ़ी थाने में एक FIR दर्ज हुई है। इसमें तीन कोचिंग पैराडाइज, आदर्श, बीडीएस के संचालकों सहित 70 नामजद और 500 अज्ञात शामिल हैं। मसौढ़ी ASP के अनुसार, उपद्रवियों को गिरफ्तार करने के लिए रात में कई जगहों पर छापेमारी चलेगी।
पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने मीडिया से कहा- मसौढ़ी मामले में 6-7 कोचिंग संस्थानों की भूमिका सामने आई है। पुलिस केस की जांच कर रही है। हमें जानकारी मिली है कि वॉट्सऐप ग्रुप में मैसेज कर लोगों को भड़काया गया है। जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पटना के मसौढ़ी में तारगेना स्टेशन के शनिवार सुबह पत्थरबाजी और फायरिंग हुई। प्रदर्शनकारी स्टेशन में तोड़फोड़ करने लगे। पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया है। बचाव में पुलिस ने 100 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई।









