
गृह मंत्रालय ने अग्निवीरों के लिए CAPFs (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) और असम राइफल्स में भर्ती के लिए 10% आरक्षण देने का फैसला लिया है। दो बलों में भर्ती के लिए अग्निवीरों को ऊपरी आयु सीमा से 3 वर्ष की छूट दी गई। अग्निवीर के पहले बैच के लिए आयु में अधिकतम आयु सीमा से 5 वर्ष की छूट होगी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ऐलान किया है कि अग्निवीरों को रिटायर्डमेंट के बाद सस्ता लोन दिया जाएगा और सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता दी जाएगी। ये युवा आजीवन अग्निवीर कहलाएंगे। ट्रेनिंग क्वालिटी से समझौता नहीं किया जाएगा।
इधर, सुप्रीम कोर्ट में अग्निपथ को लेकर जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में अग्निपथ योजना की समीक्षा के लिए एक्सपर्ट पैनल के गठन और अग्निपथ को लेकर हुई हिंसा की SIT से जांच कराने की मांग की गई है।
कल कांग्रेस का प्रदर्शन का ऐलान
अग्निपथ योजना के खिलाफ देश भर में मचे बवाल के बीच कांग्रेस पार्टी ने भी प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस के नेता रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे, इसमें पार्टी के सभी बड़े नेता शामिल होंगे।
केसीआर ने मृतक के परिजन को 25 लाख का ऐलान किया
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को अग्निपथ के विरोध में हुए प्रदर्शन में मारे गए व्यक्ति के परिजन को 25 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है। युवक अग्निपथ के खिलाफ धरने में शामिल था। इसी दौरान रेलवे पुलिस की गोलीबारी में उसकी मौत हुई थी।
यूपी में तीसरे दिन भी बवाल जारी है। जौनपुर में उपद्रवियों ने दो रोडवेज बसें और कई बाइक जला दी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उनकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ डाले। सिकरारा और बदलापुर क्षेत्र में एक-एक बस में आग लगाई गई है। वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर उपद्रवियों ने 10 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़ की है। उधर, चंदौली के कुछमन रेलवे स्टेशन के अंदर युवाओं ने घुसकर तोड़फोड़ की। अंदर जमकर पत्थरबाजी की। रेलवे ट्रैक पर कबाड़ रख दिए और क्रॉसिंग का बूम भी तोड़ डाला। एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है।









