Sunday, May 3, 2026

अप्पू गार्डन और गेरवाघाट सड़क के काम का किया औचक निरीक्षण किया जिलाधीश ने

कोरबा  कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने नगर निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अप्पू गार्डन, वर्किंग वूमन हॉस्टल और गेरवाघाट-राताखार सड़क निर्माण का जायजा लिया। सियान सदन में पहुंचकर वहां मौजूद बुजुर्गों से बात की और उनकी समस्याओं, सुझावों को भी सुना। कलेक्टर ने अप्पू गार्डन में चल रहे निर्माण कार्य, टॉय ट्रेन, वेव पूल, फुड कोर्ट, गार्डन आदि का अवलोकन किया। उन्होंने निगम क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं के लिए बन रहे हॉस्टल का भी निरीक्षण किया। गेरवाघाट-राताखार सड़क निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।

कलेक्टर श्रीमती साहू ने निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए हसदेव नदी पर बनाए गए गेरवाघाट इंटकवेल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम कोरबा आयुक्त श्री कुलदीप शर्मा सहित निगम के अधिकारीगण मौजूद रहे।

सियान सदन पहुंची कलेक्टर, बुजुर्गों के लिए व्यवस्थाएं बेहतर करने दिए निर्देश – कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र भ्रमण के दौरान शहर के घण्टाघर चौक स्थित सियान सदन में पहुंच कर बुजुर्गों से मुलाकात की। सियान सदन में मौजूद वृद्धजनों ने कलेक्टर को अपनी समस्याओं और सुझावों से अवगत कराया। कलेक्टर श्रीमती साहू ने सियान सदन में बुजुर्गों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश मौके पर मौजूद निगम के अधिकारियों को दिए।