रायपुर। सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा ने पुलिस को बताया कि cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। आरोप है कि पोस्ट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने और गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दोनों अकाउंट के संचालकों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर सोशल मीडिया पोस्ट, अकाउंट और उससे जुड़े तकनीकी तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











