
अमेरिका के न्यूजर्सी से लंदन आ रही यूनाइटेड एयरलाइंस की ओवरनाइट फ्लाइट में एक महिला से रेप हुआ। घटना 31 जनवरी की है, लेकिन मीडिया को इसकी जानकारी अब दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेप का आरोपी और विक्टिम दोनों ही इस फ्लाइट के बिजनेस क्लास में सफर कर रहे थे। इस दौरान रात में आरोपी ने महिला के साथ जबरन संबंध बनाए। महिला की शिकायत पर आरोपी को एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, शुरुआती पूछताछ के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 31 जनवरी को यूनाईटेड एयरलाइंस की एक ओवरनाइट फ्लाइट ने न्यूजर्सी से टेकऑफ किया। इस फ्लाइट की बिजनेस क्लास में 40 साल का एक ब्रिटिश नागरिक भी सफर कर रहा था। रात में उसने बिजनेस क्लास में ही अकेली सफर कर रही महिला से रेप किया। इस दौरान बाकी पैसेंजर गहरी नींद में सो रहे थे।
महिला ने इस घटना की जानकारी फ्लाइट के क्रू मेंबर्स को दी। क्रू ने पुलिस से संपर्क किया और उन्हें पूरी घटना तफ्सील से बताई। इसके बाद जैसे ही फ्लाइट ने लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंडिंग की तो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
 
			





