
अमेरिका पहुंचे कुछ शरणार्थियों में खसरा फैलने के बाद अमेरिका ने अफगानिस्तान से आने वाली उड़ानें फिलहाल रोक दी हैं। सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन की सिफारिश पर ये फैसला लिया गया है। इससे पहले अमेरिका ने बताया था कि बीते 3 दिन में काबुल से अमेरिकियों समेत 250 लोगों को निकाला गया है। इन्हें कतर की उड़ानों से दोहा लाया गया था और वहां से कई लोग अमेरिका पहुंच रहे हैं।
तालिबानी हुकूमत और उसकी दरिंदगी के खिलाफ काबुल ही नहीं बल्कि दुनियाभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली में रह रहे अफगानियों ने भी शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया। इसमें काफी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। वे पंजशीर में तालिबान से लड़ने वाले अहमद मसूद का समर्थन और तालिबान-पाकिस्तान का विरोध करते नजर आए। प्रदर्शनकारी हाथो में तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर तालिबान मुर्दाबाद, अफगानिस्तान तालिबानियों की जगह नहीं है, हम आजादी चाहते हैं, अफगानिस्तान जख्मी है, पाकिस्तान आतंकियों को शरण देता है और पाकिस्तान पर प्रतिबंध लगें जैसे नारे लिखे थे।







