Monday, April 13, 2026

अहिंसा जीवदया के जयकारों से गूंज उठेगी धर्म नगरी, 7 दिवसीय महामहोत्सव में पाषाण को भगवान बनाने की धार्मिक क्रियाएं होंगी शुरू

धर्म नगरी तिल्दा नेवरा में 9 दिसंबर से अहिंसा जीवदया के जयकारों से गूंज उठेगी. मंत्रोच्चारण के साथ यहां श्रीमज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक जिनबिंब प्रतिष्ठा गजरथ महोत्सव के 7 दिवसीय महामहोत्सव में पाषाण को भगवान बनाने की धार्मिक क्रियाएं शुरू होंगी. परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्यश्री 108 विद्यासागर जी महामुनिराज के ससंघ सानिध्य और प्रतिष्ठाचार्य वाणी भूषण बाल ब्रह्मचारी विनय भैया (बंडा) के प्रतिष्ठाचार्यत्व में पूरा कार्यक्रम संपन्न होगा.

तिल्दा नेवरा छत्तीसगढ़ की धर्म नगरी में 9 से 15 दिसम्बर तक बीएनबी ग्राउंड दशहरा मैदान में यह धार्मिक आयोजन होगा. महामहोत्सव को लेकर सारी तैयारी पूरी हो चुकी है. शुक्रवार को आयोजन समिति द्वारा आयोजन की भव्यता एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया.