
महाराष्ट्र में मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस नेता कमलनाथ की मुलाकात मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से नहीं हो पाई। कमलनाथ पहले विधायक दल के नेता बाला साहेब थोराट से मिलने पहुंचे। वहां से बाहर निकलते वक्त उन्होंने जानकारी दी कि उद्धव ठाकरे कोरोना पॉजिटिव हैं, इसलिए अब वे उनसे मुलाकात नहीं कर पाएंगे। और वे अब NCP सुप्रीमो शरद पवार से मिलने जा रहे हैं।
उद्धव के इस्तीफे पर सस्पेंस, विधानसभा भंग होने की भी अटकलें
सूत्रों के मुताबिक बहुमत की संख्या नहीं होने की स्थिति में उद्धव इस्तीफा दे सकते हैं। इधर, चर्चा हैं कि महाविकास अघाड़ी सरकार विधानसभा भंग करने की सिफारिश भी कर सकती है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने इसके संकेत दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- महाराष्ट्र में जो पॉलिटिकल हलचल है, वो विधानसभा भंग करने की दिशा में बढ़ रही है।
इससे पहले, बुधवार सुबह बात करते हुए राउत ने कहा- ज्यादा से ज्यादा क्या होगा सत्ता जाएगी, लेकिन पार्टी की प्रतिष्ठा से समझौता नहीं करेंगे। शिंदे ने कोई शर्त नहीं रखी है। पार्टी बनाने में उनका योगदान रहा है। हम लगातार संपर्क में हैं और सभी विधायक शिवसेना में ही रहेंगे। ऑपरेशन लोटस सफल नहीं हो पाएगा।
पहले दिन सूरत के होटल में ठहरे 40 विधायक बुधवार सुबह 6 बजे गुवाहाटी एयरलिफ्ट कर ले जाए गए हैं। 7 विधायक निर्दलीय हैं। विधायकों को स्पेशल फ्लाइट से ले जाया गया। सूरत एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि सत्ता के लिए हिंदुत्व से समझौता नहीं कर सकता हूं।









