Friday, April 17, 2026

उदयपुर हत्याकांड:हत्यारों ने पाकिस्तान के वॉट्सऐप ग्रुपों में शेयर किया वीडियो; लिखा- जो ऑर्डर मिला था, पूरा किया

टेलर कन्हैयालाल की हत्या के मामले में एक और खुलासा हुआ है। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान के 2 नागरिकों के संपर्क में थे। उन्होंने हत्या का वीडियो पाकिस्तान के कुछ वॉट्सऐप ग्रुप में भी शेयर किया था। इसके साथ लिखा गया था- जो आर्डर मिला था, पूरा किया।

इससे पहले शुक्रवार को ही इस घटना का एक CCTV फुटेज सामने आया जिसमें आरोपी गौस मोहम्मद और रियाज जब्बार एक बाइक से भागते दिख रहे हैं। इस बाइक का नंबर 2611 है। यह वही तारीख (26-11-2006) है जिस दिन मुंबई में आतंकी हमला हुआ था। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि हत्या की जानकारी मिलने के बाद मार्केट में हड़कंप मच गया था। दुकानें बंद होने लगी थीं।

SIT जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने अपनी बाइक स्टार्ट रखी थी, ताकि मर्डर के बाद वे तत्काल वहां से भाग सकें। उदयपुर जिला अदालत ने अब यह केस NIA को ट्रांसफर कर दिया है। इसके लिए NIA ने ही अर्जी लगाई थी।

केस ट्रांसफर होने के बाद NIA को गौस मोहम्मद और रियाज जब्बार की कस्टडी मिल जाएगी। कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद NIA दोनों से पूछताछ करेगी। इस बीच, हत्यारे गौस मोहम्मद और रियाज जब्बा को उदयपुर से अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।

वहीं, हत्या की जांच को लेकर NIA की टीम गुरुवार रात कानपुर पहुंची और कई जगहों पर छापेमारी की। हत्यारों के पास से बरामद दस्तावेज से कानपुर कनेक्शन के बाद यह कार्रवाई हुई है। इधर, शुक्रवार को चौथे दिन भी राजस्थान में इंटरनेट बंद है। हिंसा न हो इसके लिए धारा 144 भी लगी हुई है।