Tuesday, March 3, 2026

उरगा थाना क्षेत्र में रातभर तोड़फोड़, विस्फोट और वाहनों को नुकसान; दहशत में ग्रामीण

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में बीती रात अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात बदमाशों ने तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया। इरीगेशन कॉलोनी, बरपाली बस स्टैंड और बरपाली बस्ती के आसपास हुई घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इरीगेशन कॉलोनी में एक विद्युत कर्मचारी के मकान के पास पत्थर तोड़ने में प्रयुक्त बारूद से विस्फोट किया गया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान के सामने फर्श में लगा टाइल्स टूट गया। अचानक हुए धमाके से आसपास के लोग दहशत में आ गए।

इसी तरह बरपाली चौक से लगभग 20 मीटर की दूरी पर स्थित एक मुर्गा-मांस बिक्री केंद्र का दरवाजा तोड़ दिया गया। वहीं करीब 400 मीटर दूर स्थित उप सरपंच के कुक्कुट पालन फार्म में भी अज्ञात तत्वों ने तोड़फोड़ की। फार्म परिसर में खड़े वाहन के ऊपरी हिस्से को क्षतिग्रस्त कर उसके पुर्जे बाहर फेंक दिए गए।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ईंधन तेल और कोयला चोरी के साथ-साथ मादक पदार्थों की अवैध बिक्री जैसी गतिविधियों की शिकायतें लंबे समय से मिलती रही हैं। लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी और गंभीर घटना हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।