Sunday, September 13, 2026

एकलव्य स्कूल में 7 छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, CM साय के निर्देश पर कंप्यूटर शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के रूद्राराम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में सात छात्राओं से कथित बैड टच और छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने जिला कलेक्टर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने विद्यालय में पदस्थ कंप्यूटर शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CM साय ने कहा- दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीजापुर कलेक्टर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए और किसी को भी बख्शा न जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के बालिका छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी कलेक्टरों से ऐसे संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जांच करने को कहा है।

सात छात्राओं ने कलेक्टर से की शिकायत

बताया गया कि एकलव्य आवासीय विद्यालय की सात छात्राओं ने जिला कलेक्टर विश्वदीप के समक्ष विद्यालय में पदस्थ कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत सामने आने के बाद मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

14 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को एक पीड़िता की मां ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एकलव्य विद्यालय में अध्ययनरत उनकी 14 वर्षीय बेटी के साथ कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या ने कथित तौर पर 7 अक्टूबर 2025 को गलत नीयत से आपत्तिजनक स्पर्श किया और छेड़छाड़ की।

शिकायत के अनुसार, शिक्षक ने अलग-अलग मौकों पर छात्रा के साथ दोबारा कथित रूप से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। छात्रा ने इसका विरोध किया।

मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर शिक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। चूंकि मामला नाबालिग छात्राओं से जुड़ा है, इसलिए उनकी पहचान और निजी जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया गया है।

सभी बालिका छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था होगी चेक

मामले के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में संचालित बालिका छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। कलेक्टरों को नियमित निरीक्षण करने और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की पड़ताल करने को कहा गया है।