
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दो नहीं बल्कि पूरे 114 सटोरिए गिरफ्तार किए गए। यह कार्रवाई गुरुवार को दिनभर चली। इसके लिए रायपुर SSP प्रशांत अग्रवाल ने स्पेशल टीमें गठित करके उन्हें निर्देश दिए थे कि अधिक से अधिक संख्या में सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई करें। हैरत की बात यह है कि जब पुलिस एक्टिव होकर सटोरियों की धरपकड़ करने निकली तो रायपुर के लगभग हर प्रमुख इलाके में सट्टेबाजों का अड्डा मिला। जो इस बात का भी खुलासा कर रहा है कि अब तक बरती गई पुलिसिया लापरवाही की वजह से ही ये फल-फूल रहे थे। शहर के 25 इलाकों से पकड़ में आए सटोरियों से 1 लाख 64 हजार 170 रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस आगे भी अपना अभियान जारी रखने का दावा कर रही है।







