
बिलासपुर। 7 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में शहर के प्रतिष्ठित जैन इंटरनेशनल स्कूल में जनरल रावत इंटर-इंस्टिट्यूशनल ड्रिल प्रतियोगिता एवं परमवीर मेजर होशियार सिंह स्मृति मार्क्समैन शूटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 8 महाविद्यालयों और 13 विद्यालयों के लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल लोकेश देव तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. एस. राजपूत की विशेष भूमिका रही। मुख्य अतिथि के रूप में आईजी बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (आईपीएस) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का स्वागत प्राचार्य एवं उप-प्राचार्य द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि श्री गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
ड्रिल प्रतियोगिता (व्यक्तिगत येस्ट ड्रिल कमांडर):
जेडी/जेडब्ल्यू वर्ग में कैडेट प्राची यादव (एमएलबी स्कूल) प्रथम और कैडेट निकिता कटारिया (स्वामी आत्मानंद एचएसएस, सकरी) द्वितीय रहीं।
एसडी/एसडब्ल्यू वर्ग में कैडेट हर्ष सिंह (सीएमडी कॉलेज) प्रथम तथा कैडेट मोहित तिवारी (जेपी वर्मा कॉलेज) द्वितीय स्थान पर रहे।
ड्रिल प्रतियोगिता (टीम):
जेडी/जेडब्ल्यू वर्ग में एमएलबी बिलासपुर एवं डीएवी पब्लिक स्कूल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। जैन इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय और स्वामी आत्मानंद एचएसएस, सकरी तृतीय स्थान पर रहा।
एसडी/एसडब्ल्यू वर्ग में सीएमडी कॉलेज प्रथम, बिलासा गर्ल्स कॉलेज द्वितीय और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय तृतीय स्थान पर रहा।
फायरिंग प्रतियोगिता (व्यक्तिगत):
जेडी/जेडब्ल्यू वर्ग में कैडेट आदर्श सिंह देव प्रथम, जबकि कैडेट अशी गुत्ता एवं कैडेट केला अपेंद्र द्वितीय स्थान पर रहे।
एसडी/एसडब्ल्यू वर्ग में कैडेट अलवीरा नाज प्रथम और कैडेट अंश सोनी द्वितीय स्थान पर रहे।
फायरिंग प्रतियोगिता (टीम):
जैन इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम तथा रेलवे क्रमांक 2 विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ. एस. एस. राजपूत ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कैप्टन आशीष शर्मा, कैप्टन नवीन सिरसवार, बटालियन के एएनओ, पीआई स्टाफ और विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में एनसीसी गीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।









