रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के कोहका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में टी-20 क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला के कब्जे से 1.80 लाख रुपये नगद, 3 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सट्टे से जुड़े दस्तावेज सहित करीब 2.55 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। जांच में मोबाइल के जरिए 777 ग्रैंड एक्सचेंज और JMD BET आईडी से ऑनलाइन सट्टा खिलाना पाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस आरोपी के बैंक खातों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।






